*गमछा के सहारे फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस*
--कस्बे के वार्ड नंबर-11 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई घटना; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बिल्थरारोड(बलिया)। नगर के वार्ड नंबर-11 स्थित इमिलिया मार्ग पर गुरुवार सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बादल खरवार (26) पुत्र वीरेंद्र खरवार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
दोपहर करीब 12:30 बजे फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही हो सकेगा।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, बादल तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह अपनी मां पुष्पा देवी, छोटे भाई त्रिशु और बहन कोमल के साथ समीर कुमार गुप्ता के किराए के मकान में रहता था। उसके पिता और मंझला भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं।
बताया जा रहा है कि सूरत में पिता के साथ रहने वाला बादल करीब एक माह पूर्व ही घर लौटा था। वह नशे का आदी था और पिछले दो दिनों से एक पेंट की दुकान पर काम कर रहा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।