*सरयू के भीषण कटान से गोपालनगर में तबाही, सहमे दियरांचल के लोग*
बैरिया (बलिया): सरयू नदी का प्रकोप दियरांचल क्षेत्र में लगातार भयावह रूप लेता जा रहा है। सोमवार की सुबह गोपालनगर टांडी स्थित प्राथमिक विद्यालय का आधा से अधिक हिस्सा देखते ही देखते नदी की तेज धारा में समा गया। अब तक दर्जनों पक्के व कच्चे मकान और स्कूल का बड़ा हिस्सा विलीन हो चुका है। कटान के मुहाने पर आए अन्य मकानों को देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल है। सुरक्षित स्थानों की तलाश और विस्थापन का संकट गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने चेताया कि यदि जल्द कटानरोधी कार्य नहीं हुआ, तो बड़ा हिस्सा नदी में समा जाएगा।
इनसेट-
खेतों में भी कटान तेज, सुरेमनपुर पर तबाही का खतराशिवाल मठिया, वशिष्ठ नगर, चाई छपरा, अधसिझुआ, गुमानी के डेरा और बकुलहा के सिवान में भी सरयू नदी उपजाऊ जमीन को तेज़ी से लील रही है। किसान बेबस होकर अपनी जमीनों को जलमग्न होते देख रहे हैं। यदि कटान की यही रफ्तार रही, तो सुरेमनपुर दियरांचल में भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है।
इन्सेट-
प्रशासन से निराश ग्रामीणों ने की सरयू पूजा व रामधुनप्रशासनिक मदद न मिलने से निराश ग्रामीणों ने ईश्वर की शरण ली है। सोमवार को आचार्य लाला भगत के सानिध्य में वैदिक मंत्रोचार के साथ सरयू तट पर पूजन-अर्चन किया गया। महिलाओं ने देवी गीत गाकर सरयू मां को शांत होने की गुहार लगाई, वहीं पुरुषों ने रामधुन और हरि कीर्तन किया। उधर, जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हर संभव राहत कार्य कराया जाएगा।

