*खेल के मैदान पर विवाह उत्सव वाटिका निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने लगाई रोक की गुहार*

 *खेल के मैदान पर विवाह उत्सव वाटिका निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने लगाई रोक की गुहार*

-बिना खुली बैठक प्रस्ताव पारित कराने का आरोप, DM व खेल मंत्री को भेजा शिकायती पत्र

बलिया: जिले के बेलहरी विकास खंड स्थित ग्राम सभा पुरास में विवाह उत्सव वाटिका के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने 'संपूर्ण समाधान' दिवस पर शिकायत दर्ज कराते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा की खुली बैठक बुलाए बिना ही गांव के कुछ दबंगों ने कथित रूप से प्रधान के हस्ताक्षर करवाकर अराजी नंबर 475 पर विवाह वाटिका का प्रस्ताव शासन को भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, इस भूमि का उपयोग गांव के युवा लंबे समय से खेल के मैदान के रूप में करते आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व में अराजी नंबर 492 (खेल का मैदान) पर पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। उस समय पारित प्रस्ताव में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि अराजी नंबर 475 को युवाओं के खेल के मैदान के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।

इस मनमाने निर्माण के खिलाफ पुरास के युवाओं ने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश के खेलकूद मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्य रोकने की गुहार लगाई है। प्रदर्शन व विरोध जताने वालों में शिवाजी तिवारी, दीपक यादव, आनंद मिश्रा, रामनाथ यादव, बलवंत यादव, बृजेश तिवारी और चंद्रदेव मिश्र प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post