*सीएमओ के औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्था की पोल, 3 डॉक्टरों समेत 5 का वेतन रोका*
-- सोनबरसा अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर भड़के मुख्य चिकित्साधिकारी, कार्रवाई के लिए डीएम को भेजी रिपोर्ट
बैरिया (बलिया):संयुक्त राजकीय चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोनबरसा की बदहाल व्यवस्था की शिकायतों के बाद गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. अभय नारायण राय ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्था और मनमानी देखकर सीएमओ ने सख्त नाराजगी जताई तथा अस्पताल अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर पाए जाने पर सीएमओ ने तीन चिकित्साधिकारियों—डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. प्रियंका राय—तथा ऑपरेशन थिएटर कर्मचारी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी खुशबू सिंह का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही, इन सभी अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है।
अस्पताल की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सीएमओ ने कहा कि सीमित संसाधनों और डॉक्टरों की कमी के बावजूद बेहतर सेवाएं दी जा सकती हैं, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान वहां उपस्थित डॉक्टरों (डॉ. सुमन मिश्रा, डॉ. साल्टी कसेरा, डॉ. रोहन गुप्त और डॉ. दीपक कुमार सिंह) को मरीजों का पूरी लगन से इलाज करने की हिदायत दी गई। ग्रामीणों द्वारा मुरली छपरा क्षेत्र के 10 सीएचओ सेंटरों पर ताला लटके होने की शिकायत पर भी सीएमओ ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया।
