*सड़क नहीं तो वोट नहीं: जिगनी खास के उत्तर डेरा में बदहाल सड़क से नाराज ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी*
गड़वार (बलिया): विकासखंड गड़वार के ग्राम पंचायत जिगनी खास (उत्तर डेरा) में पिछले आठ वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। बुनियादी सुविधाओं से वंचित लगभग 700 की आबादी वाले इस गांव के लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए "सड़क नहीं तो वोट नहीं" का अल्टीमेटम दिया है।
हल्की बारिश होते ही मुख्य मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे गांव में आवाजाही ठप हो जाती है। स्कूली बच्चे आए दिन कीचड़ में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं आपातस्थिति में गांव तक एम्बुलेंस पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते आठ सालों से ग्राम प्रधान से लेकर विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों तक गुहार लगाने के बावजूद उन्हें सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि चुनाव से पूर्व पक्की सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पूरा गांव एकजुट होकर मतदान का पूर्ण बहिष्कार करेगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से विदेशी यादव, भृगु नाथ यादव, अखिलेश यादव, विनोद यादव, रमाकांत यादव, हारीमंगल यादव, राजेंद्र यादव, चंद्रमा यादव, जयप्रकाश यादव और जगत यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।