*मंत्री संजय निषाद के बलिया आगमन पर भारी हंगामा, 'वापस जाओ' के नारों के साथ कांग्रेसियों ने किया विरोध*
बलिया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के बलिया आगमन पर बुधवार को भारी सियासी बवाल खड़ा हो गया। दरअसल, मंत्री डॉ. संजय निषाद प्रमाण गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे।
जैसे ही उनके पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर पहुंचने की खबर फैली, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में स्थानीय नौजवान और कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ 'संजय निषाद वापस जाओ' के जोरदार नारे लगाते हुए उग्र विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारी नौजवानों को मौके हटाया ।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बस्ती में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संजय निषाद ने बलिया के लोगों को 'दलाल' कह दिया था। इस विवादित बयान के बाद से ही जनपद के युवाओं और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश था, जिसका असर आज उनके बलिया दौरे पर साफ देखने को मिला।