*डीएम ने किया नगर पालिका का औचक निरीक्षण खुली पोल, 14 कर्मचारियों का वेतन काटने के आदेश*
-कार्यालय की अव्यवस्था, खराब बायोमेट्रिक और शहर की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, दो दिन में मांगी संपत्तियों की अद्यतन सूची
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, अभिलेखों का अव्यवस्थित रखरखाव और बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। कर अनुभाग में संपत्तियों का रजिस्टर जर्जर मिलने पर संबंधित बड़े बाबू को फटकारते हुए दो दिनों के भीतर नगर पालिका की सभी संपत्तियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति जांची, जिसमें 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर नई बायोमेट्रिक मशीन स्थापित कर सभी कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा होने और सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि अगली बार कार्यालय में गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के वेतन से सफाई कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार न होने पर शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।


