*बैरिया तहसील में अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन, एसडीएम ने की वार्ता*
--मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर अड़े वकील, न्यायिक कार्य ठप होने से वादकारी परेशान
बैरिया (बलिया): स्थानीय तहसील में संविदा पर तैनात भूलेख ऑपरेटर शैलेश भारती के साथ हुए विवाद के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री समेत कई अधिवक्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। तत्कालीन एसडीएम संजय कुमार कुशवाहा के निर्देश पर दर्ज इस प्राथमिकी के विरोध में अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया और तहसील व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नारेबाजी सुनकर नवागत उप-जिलाधिकारी (SDM) शशि भूषण मिश्र खुद धरना स्थल पर पहुंचे और वकीलों के बीच बैठ गए। उन्होंने बीते घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संवाद के माध्यम से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को आश्वासन दिया कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उनसे मिलकर अपनी बात रखेगा। वार्ता के बाद एसडीएम अपने चेंबर में लौट गए।
अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार के कारण बृहस्पतिवार को भी तहसील का न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहा। दूर-दराज से आए वादकारियों को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। धरना प्रदर्शन के दौरान महामंत्री राजकुमार तिवारी, चंद्रशेखर यादव, देवेंद्र मिश्र, शिवाजी सिंह, रुद्रदेव कुंवर, ओमकार पांडेय और जाकिर हुसैन समेत दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे।
