*कांवड़ यात्रा, श्रावण मास और चेहल्लुम को लेकर बलिया प्रशासन अलर्ट*तैयारियों पर डीएम सख्त*
-सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विभागों को मिले कड़े निर्देश; घाटों पर रहेगी पैनी नज
बलिया। आगामी चेहल्लुम, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावण मास को देखते हुए डीएम ने पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका को मार्गों की तत्काल मरम्मत, जल निगम को पेयजल तथा विद्युत विभाग को लटकते तारों को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख स्नान घाटों और मंदिरों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा सोमवार को मुख्य मंदिरों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों व नगर पालिका को सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारियों को 'पीस कमेटी' की बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रसिद्ध बालेश्वर मंदिर सहित अन्य स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल व महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। एसपी ने लोगों से नदियों व घाटों पर सेल्फी न लेने और कांवड़ वाहनों की विंडशील्ड को ढकने से बचने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।