*जौहर विश्वविद्यालय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने को सपा ने सौंपा ज्ञापन*
--कलेक्ट्रेट पहुंचे सपाइयों ने राज्यपाल के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग
बलिया। रामपुर स्थित मौलाना मुहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। सपा के जिला महासचिव बीरबल राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नेताओं ने कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि हजारों गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक और किसान-मजदूर परिवारों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। ध्वस्तीकरण की आशंका से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष जलालुद्दीन ज़ेडी ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों को विवादों की भेंट चढ़ाना लोकतंत्र के हित में नहीं है। यदि कोई प्रशासनिक विवाद है, तो उसका समाधान विधिक प्रक्रिया से होना चाहिए, न कि भवनों को ध्वस्त करके।
सपा नेताओं ने राज्यपाल से माँग की है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच हो तथा यहाँ अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान राजेश गोंड, रोहित चौबे, प्रमोद गुप्ता, अभय नारायण सिंह यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
