*बलिया: नगर पालिका में फर्जी हाजिरी का खेल, जिलाधिकारी के आदेशों की उड़ रही धज्जियां*
--भाजपा नगर मंत्री रवी सोनी ने डीएम और चेयरमैन को सौंपा ज्ञापन; सफाई कर्मचारियों की कागजी मौजूदगी से राजस्व लूट का आरोप
बलिया। नगर पालिका परिषद क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था और राजस्व की लूट को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री एवं नपा सदस्य रवी वर्मा ने जिलाधिकारी और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संत लाल उर्फ मिठाई लाल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद धरातल पर सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है।
रवी वर्मा ने बताया कि 27 जुलाई को उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 6 में तैनात 13 सफाई कर्मचारियों के सापेक्ष केवल 5 कर्मचारी ही काम पर मिले। इसी प्रकार वार्ड नंबर 7 में 18 कर्मचारियों की जगह मात्र 8 कर्मचारी ही उपस्थित पाए गए। हैरान करने वाली बात यह है कि सरकारी अभिलेखों में दोनों वार्डों के शत-प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति दर्शाई गई थी।
उन्होंने आशंका जताई कि नगर के सभी 25 वार्डों में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। कागजों पर कर्मचारियों की फर्जी हाजिरी दिखाकर राजस्व को चूना लगाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने वाले दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि राजस्व की चोरी पर रोक लग सके।
