-ग्रामीणों की जुटी भीड़, उभांव थाना पुलिस ने प्रतिमाओं को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

 *जाहिदपुर कैनाल में मछली पकड़ते समय जाल में फंसीं अष्टधातु की दो प्राचीन प्रतिमाएं*

-ग्रामीणों की जुटी भीड़, उभांव थाना पुलिस ने प्रतिमाओं को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

नगरा (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर (झंगहटा) में गुरुवार सुबह दोहरीघाट सहायक पंप कैनाल में मछली पकड़ने के दौरान दो अष्टधातु की प्रतिमाएं मिलने से सनसनी फैल गई।

गांव निवासी रामाशंकर राजभर रोज की तरह कैनाल में मछली पकड़ने के लिए जाल डाले हुए थे। इसी बीच जाल किसी भारी वस्तु में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद जब उन्होंने जाल बाहर निकाला, तो उसमें दो प्रतिमाएं उलझी हुई थीं। प्रथम दृष्टया एक प्रतिमा भगवान बजरंगबली और दूसरी लड्डू गोपाल (श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप) की बताई जा रही हैं।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने श्रद्धापूर्वक प्रतिमाओं के दर्शन किए। सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का दरोगा सुमित त्रिपाठी ने बताया कि दोनों प्रतिमाएं अष्टधातु की प्रतीत हो रही हैं। पुलिस ने प्रतिमाओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ये मूर्तियां कैनाल में कहां से आईं। पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है। वहीं, ग्रामीणों का मानना है कि यदि ये प्रतिमाएं प्राचीन सिद्ध होती हैं, तो यह क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए एक महत्वपूर्ण खोज होगी।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post