*दियारांचल बचाओ आंदोलन: परिवहन मंत्री के आश्वासन पर खत्म हुआ अनशन*,
--अराजक तत्वों की नारेबाजी की ग्रामीणों ने की निंदा
-सड़क जीर्णोद्धार और तटबंध निर्माण का आश्वासन मिलने पर गांव में जश्न,
-अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
बलिया: दियारांचल बचाओ आंदोलन के छठे दिन पंचदेव मंदिर, शिवपुरी दीयर नंबरी पहुंचे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अनशनकारियों से सौहार्दपूर्ण बातचीत की। ग्रामीणों की दोनों प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए मंत्री ने एक-दो दिनों में सड़क जीर्णोद्धार कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराने और बाढ़ से पूर्व ठोकर (तटबंध) निर्माण का आश्वासन दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीणों और महिलाओं ने आभार जताया तथा गांव में जश्न का माहौल बन गया।
इसी दौरान धरना स्थल पर पहुंचे कुछ अराजक तत्वों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की, जिसका वीडियो वायरल हो गया। समाजसेवी कल्याण सिंह, विश्वजीत सिंह 'गोलू' और ब्रज किशोर पाण्डेय ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो से अनशनकारियों का कोई लेना-देना नहीं है।
समाजसेवियों का कहना है कि सात दिनों के अनशन में कभी न दिखने वाले ये वही लोग हैं जो हमेशा क्षेत्र के विकास में बाधा डालते हैं। ग्रामीणों ने अराजक तत्वों की पहचान कर ली है और पुलिस-प्रशासन से वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस अवसर पर अनिल यादव, उमेश सिंह, मनोज प्रजापति, धीरज यादव, मालती देवी, पूनम और रूबी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
