*गंगा के कटान से अस्तित्व की*गंगा जंग, *शिवपुर दिअरांचल में युवाओं का क्रमिक अनशन शुरू*
-ठोकर निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
बलिया: गंगा नदी के रौद्र रूप और भीषण कटान से गांव के अस्तित्व पर मंडराते खतरे को देखते हुए शिवपुर नम्बरी स्थित पंचदेव मंदिर के समीप 'दियरांचल बचाओ आन्दोलन' के तहत युवाओं ने अनशन शुरू कर दिया है। समाजसेवी कल्याण सिंह और युवा नेता विश्वजीत सिंह गोलू के नेतृत्व में शुरू हुए इस क्रमिक अनशन के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों की मुख्य रूप से दो प्रमुख मांगे हैं—ग्राम सभा शिवपुर दिअरा नंबरी व प्राणपुर सोनाली को गंगा के भारी कटान से बचाने के लिए स्थाई ठोकर (स्पर) का निर्माण कराया जाए और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की बदहाल सड़क का पुनर्निर्माण हो।
ग्रामीणों और महिलाओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार से लेकर स्थानीय प्रशासन तक गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासनों की लीपापोती की गई है। कटान रोकने के नाम पर महज 20 परक्यूपाइन लगाकर औपचारिकता पूरी कर ली गई, जबकि कटान तेज होती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोकर का नया निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो गांव का वजूद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।


