*सांसद निधि से बलिया के 67 विद्यालयों को मिलेंगी ₹1-1 लाख की पुस्तकें*
-सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर की पहल पर ₹67 लाख स्वीकृत; DIOS ने एक सप्ताह में मांगी NOC
सिकन्दरपुर (बलिया): सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) के अंतर्गत सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के 67 माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ₹1-1 लाख मूल्य की हिन्दी साहित्य और ज्ञानवर्धक पुस्तकें वितरित की जाएंगी। इस पूरी योजना पर कुल ₹67 लाख खर्च होंगे। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर 'विद्यार्थी' के प्रस्ताव पर इस पहल को स्वीकृति दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) मनोज कुमार मिश्र ने आदेश जारी कर चयनित विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित प्रारूप पर अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना का लाभ बांसडीह, सिकंदरपुर और बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों को मिलेगा।
पुस्तकों की आपूर्ति के लिए 'वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली' का चयन किया गया है। पुस्तकें प्राप्त होने के बाद उनके सुरक्षित रखरखाव और समुचित उपयोग की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रशासन की होगी।
सांसद मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व अर्द्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण साहित्य की पहुँच सुनिश्चित करना है, जिससे उनका बौद्धिक और नैतिक विकास हो सके तथा पुस्तकालय समृद्ध बनें।