*कटान का कहर: दियरांचल बचाओ आंदोलन के 5वें दिन ग्रामीणों का अल्टीमेटम*
-मांगे पूरी न होने पर सोमवार को फूंका जाएगा प्रशासन का पुतला, भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी
बलिया। गंगा नदी के रौद्र रूप और भीषण कटान से शिवपुर दियरा नंबरी गांव के अस्तित्व पर गहरा संकट मंडरा रहा है। गांव को बचाने के लिए शिवपुर नम्बरी स्थित पंचदेव मंदिर के पास 'दियरांचल बचाओ आंदोलन' का क्रम 5वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान अनशन पर बैठे युवाओं और ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
अनशनकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़ विभाग के एसडीओ से फोन पर बात हुई है, जिन्होंने एक दिन का समय मांगा है। समाजसेवी कल्याण सिंह ने स्पष्ट किया कि धरना जारी रहेगा और यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ, तो सोमवार को प्रशासन का पुतला दहन किया जाएगा।
युवा नेता आनंद विजय पांडेय और विश्वजीत सिंह गोलू ने आक्रोश जताते हुए कहा कि 2021 से 2026 तक सीएम, डीएम और अधिकारियों को लगातार ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि वर्ष 2012 में बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क भी जर्जर हो चुकी है, जिसकी मरम्मत तक नहीं कराई गई।ग्रामीणों की दो मुख्य मांगें:शिवपुर दियरा नंबरी व प्राणपुर सोनाली को कटान से बचाने के लिए स्थाई ठोकर (स्पर) का निर्माण।बदहाल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का त्वरित पुनर्निर्माण।गांव की महिलाओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार से लेकर स्थानीय प्रशासन तक केवल खोखले आश्वासन ही मिले हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि नया निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं हुआ, तो यह क्रमिक अनशन भूख हड़ताल में बदल जाएगा।धरना स्थल पर बृज किशोर सिंह, अनिल यादव, उमेश सिंह, मनोज प्रजापति, धीरज यादव, मालती देवी, पूनम और रूबी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
