*चंदा-चढ़ावा व रामशीला मामले पर युवजन सभा का प्रदर्शन*
-बुद्धि-शुद्धि हवन कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बलिया, 30 जून। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चंदा, चढ़ावा और रामशीला से जुड़े कथित चोरी के आरोपों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से 'बुद्धि-शुद्धि' हवन-पूजन कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि ने कहा कि जनता की आस्था और जनसहयोग से प्राप्त धनराशि का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों में अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और जनता के विश्वास से खिलवाड़ करने वाली प्रवृत्ति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी युवजन सभा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अन्याय एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की शीघ्र जांच कराने की मांग की। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
