*बाढ़ परियोजनाएं अधूरी रहीं तो समाजवादी करेंगे संघर्ष: जयप्रकाश अंचल*
--कटानरोधी कार्यों में देरी पर सरकार को घेरा, बाढ़ पीड़ितों की आवाज उठाने की दी चेतावनी
बलिया। जिले में गंगा और घाघरा नदियों के किनारे रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच बैरिया से जयप्रकाश अंचल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं के अधूरे होने पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।जयप्रकाश अंचल ने कहा कि बाढ़ और कटान से बचाव के लिए स्वीकृत परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं, जबकि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कटानरोधी कार्य पूरे कर लिए जाते तो गंगा और घाघरा के किनारे बसे लोगों को राहत मिल सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक की मनमानी और सरकार की लापरवाही के कारण योजनाएं अधूरी पड़ी हैं।सपा विधायक ने कहा कि सरकार कटानरोधी कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब 15 जून से बारिश का मौसम शुरू माना जाता है, तो क्या परियोजनाएं 15 दिसंबर तक पूरी की जाएंगीउन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधूरी परियोजनाओं के कारण बाढ़ पीड़ितों को परेशानी हुई तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और प्रभावित लोगों की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
